आजमगढ़ में प्रधान से लूट, दूध बेचकर लौट रहे प्रधान की सोने की चेन छीनी..और.......

प्रधान के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। 
संवाददाता -रमेशचंद यादव 
तहबरपुर/आजमगढ़ : जनपद के तहबरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात बदमाशों ने एक ग्राम प्रधान को निशाना बनाते हुए लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत एकमा निवासी प्रधान श्याम नारायण यादव रोज की तरह शहर से दूध बेचकर बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 10:15 बजे नैपरा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने लोहे की रॉड दिखाकर डराया और गले से करीब तीन लाख रुपये कीमत की सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। प्रधान के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। बताया जा रहा है कि आरोपी चेहरे पर रंग पोतकर आए थे, जिससे पहचान मुश्किल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तहबरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश तेज कर दी है। इलाके में घटना के बाद दहशत का माहौल है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ