धर्म प्रसार जन कल्याण समिति के निशुल्क विद्यालय में बच्चों को बांटी गई खुशियां, शिक्षा और संस्कार का दिया संदेश।
कानपुर, पी रोड। पी रोड स्थित रामबाग पार्क में शुक्रवार को एक भावुक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जहां ‘धर्म प्रसार जन कल्याण समिति’ द्वारा संचालित निशुल्क विद्यालय में विद्यांशी और प्रिंस का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्था के स्वयंसेवकों और बच्चों ने मिलकर केक काटा और खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और उत्साह साफ दिखाई दिया। संस्था के संस्थापक गौरव शास्त्री ने बताया कि उनकी संस्था पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद बच्चों के लिए निशुल्क विद्यालय संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल बच्चों को शिक्षा देना नहीं, बल्कि उनके जीवन में खुशियां और आत्मविश्वास भरना भी है।vगौरव शास्त्री ने कहा, “कई बच्चे आर्थिक तंगी के कारण अपना जन्मदिन नहीं मना पाते। ऐसे बच्चों के साथ जन्मदिन मनाकर उन्हें यह एहसास कराया जाता है कि वे भी समाज के लिए खास हैं।”उन्होंने बताया कि विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, संस्कार और मानसिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने समाज के लोगों से इस मुहिम से जुड़ने और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि देश के बेहतर भविष्य के लिए हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना जरूरी है, क्योंकि “पढ़ेगा इंडिया, तभी आगे बढ़ेगा इंडिया।”
0 टिप्पणियाँ