परिवार ने आपदा राहत कोष की राशि बार एसोसिएशन को की समर्पित, अधिवक्ताओं ने दी श्रद्धांजलि।
सदर संवाददाता -धीरज वर्मा
आजमगढ़ : जनपद में दी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पुस्तकालय कक्ष का भव्य लोकार्पण स्वर्गीय वीरेंद्र मिश्र ‘तूफान’ एडवोकेट की स्मृति में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उनके बड़े भतीजे अनिल मिश्रा ने फीता काटकर किया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद कुमार पाठक और मंत्री रणधीर सिंह ने बताया कि वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय वीरेंद्र मिश्र के निधन के बाद उनके परिवार द्वारा आपदा राहत कोष की पांच लाख रुपये की राशि बार एसोसिएशन को समर्पित की गई। इसी राशि से आधुनिक सुविधाओं से युक्त पुस्तकालय का निर्माण कराया गया है। वक्ताओं ने कहा कि स्व. वीरेंद्र मिश्र बहुमुखी प्रतिभा के धनी, निर्भीक पत्रकार और प्रखर वक्ता थे। उन्होंने अपने जीवनकाल में समाज और अधिवक्ता समुदाय के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे बार एसोसिएशन के मंत्री पद पर भी रह चुके थे।
लोकार्पण के बाद कलेक्ट्रेट बार सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में परिवार के सदस्यों अनिल कुमार मिश्रा, अवनींद्र कुमार मिश्रा और प्रमोद कुमार मिश्रा को मोमेंटो एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान मिशन हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ . अशोक सिंह का भी आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने बार एसोसिएशन को एक फोटो कॉपी मशीन भेंट की। कार्यक्रम की अध्यक्षता एल्डर कमेटी के चेयरमैन वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीराम त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन मंत्री रणधीर सिंह ने किया। कार्यक्रम में सेंट्रल बार एसोसिएशन, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ