आजमगढ़ : अपनी ही जमीन के लिए भटक रहा मंदिर पुजारी, पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुजारी ने लगाई गुहार, चौकी इंचार्ज और सिपाही पर गंभीर आरोप।
संवाददाता -अबुल कैश 
आजमगढ़ : जनपद के तहबरपुर थाना क्षेत्र स्थित सेमरी गांव में एक मंदिर पुजारी द्वारा पुलिस पर रिश्वत मांगने और उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया गया है। गांव निवासी पुजारी शीतला दास ने जिलाधिकारी और सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर न्याय की मांग की है।
पुजारी के अनुसार गाटा संख्या 193 की भूमिधरी जमीन पर वर्षों से घुमान जी की मूर्ति स्थापित है, जहां नियमित पूजा-पाठ होता है। वर्ष 2020 में उन्होंने जमीन के एक हिस्से को गांव के ही एक व्यक्ति को मिठाई की दुकान चलाने के लिए किराये पर दिया था। आरोप है कि बाद में किराया देना बंद कर दिया गया और जमीन खाली करने को लेकर विवाद शुरू हो गया।
शीतला दास का आरोप है कि मामले की जांच के दौरान चौकी इंचार्ज और एक सिपाही ने अनुकूल रिपोर्ट लगाने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की। उनका कहना है कि 5 हजार रुपये देने के बावजूद उनके खिलाफ प्रतिकूल रिपोर्ट लगा दी गई और लगातार परेशान किया जा रहा है।
पुजारी ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और जमीन से कब्जा हटवाने की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ