कार पार्सल वाहन में पीछे से घुसी, डीएम-एसपी ने अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर लिया जायजा।
संवाददाता -राकेश गौतम
आजमगढ़ : जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बिहार निवासी एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 238.5 के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार आगे चल रहे पार्सल वाहन में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही कंधरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा।
मृतकों की पहचान बिहार के सिवान जिले के गयासपुर गांव निवासी मनीष कुमार श्रीवास्तव (43), उनकी पत्नी कंचन देवी (40), पुत्री आस्था कुमारी (16) और अदिति (11) के रूप में हुई है। वहीं कार में सवार करीब 20 वर्षीय एक युवक की पहचान देर शाम तक नहीं हो सकी। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार अस्पताल एवं पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
0 टिप्पणियाँ