आजमगढ़ : पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा ने किया वृक्षारोपण।

जामुन का पौधा लगाकर कर्मचारियों ने सरकार से OPS लागू करने की उठाई मांग।
संवाददाता -राकेश गौतम 
आजमगढ़। अटेवा पेंशन बचाओ मंच के बैनर तले कर्मचारियों ने रविवार को ठंडी सड़क पार्क में जामुन का पौधा लगाकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग उठाई। कार्यक्रम में कर्मचारियों ने वृक्षारोपण के माध्यम से सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने का संकल्प लिया।
ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सीपी यादव ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री से लगातार पुरानी पेंशन बहाल करने की अपील की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। गुलाब चौरसिया ने कहा कि देश की सुरक्षा में लगे अर्धसैनिक बलों को भी पुरानी पेंशन का लाभ मिलना चाहिए। वहीं अभय चौहान ने पुरानी पेंशन को कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा बताते हुए इसे जल्द लागू करने की मांग की।
अटेवा के जिला मीडिया प्रभारी नवल किशोर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु की प्रेरणा से कर्मचारी OPS की लड़ाई लड़ रहे हैं और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा। बृजेश चौहान ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
कार्यक्रम में सीपी यादव, गुलाब चौरसिया, अभय चौहान, नवल किशोर, बृजेश चौहान, किशोर कुमार यादव, राम प्रवेश सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ