बसपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- पार्टी कार्यकर्ताओं के सहयोग और छोटे-छोटे चंदे से चलती है।
विरोधी दल बसपा की बढ़ती ताकत से घबराए, जनता 2027 में देगी जवाब।
लखनऊ/उत्तर प्रदेश। बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कथित स्ट्रिंग ऑपरेशन को लेकर मीडिया और विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पूरा मामला मिशन-2027 को कमजोर करने और बसपा की छवि धूमिल करने की साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटने वाला नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं ने जिस मजबूती और हिम्मत का परिचय दिया है, वह सराहनीय है। विश्वनाथ पाल ने कहा कि बसपा किसी पूंजीपति या बड़े उद्योगपति से चंदा नहीं लेती, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के छोटे-छोटे आर्थिक सहयोग से संगठन का संचालन करती है। उन्होंने कहा कि मान्यवर कांशीराम के "एक वोट के साथ एक नोट" के सिद्धांत पर आज भी पार्टी आगे बढ़ रही है। बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पार्टी की बढ़ती सक्रियता और जनसमर्थन से घबराकर विरोधी दल इस प्रकार के हथकंडे अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी गरीबों, वंचितों और शोषित वर्गों की आवाज उठाने का काम करती है, इसलिए उसे बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। विश्वनाथ पाल ने यह भी कहा कि उनके खिलाफ न तो कोई मुकदमा दर्ज है और न ही कभी किसी प्रकार की शिकायत हुई है। उन्होंने दावा किया कि बसपा सुप्रीमो मायावती और पार्टी नेतृत्व को निशाना बनाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन जनता सच्चाई समझती है और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।
0 टिप्पणियाँ