संवाददाता योगेश कुमार
खतौली (मुजफ्फरनगर)। थाना खतौली पुलिस ने क्षेत्र में सनसनी फैलाने वाले भैंस लूट कांड का सफल अनावरण करते हुए वारदात में शामिल रहे एक और शातिर बदमाश को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए दो कटरे भी सकुशल बरामद कर लिए हैं, जिन्हें कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पीड़ित किसान सुखपाल के सुपुर्द कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के कुशल निर्देशन में जनपद में अपराधियों के खिलाफ एक कड़ा अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने इस लूट कांड में शामिल मुख्य बदमाश उस्मान को बीते गुरुवार की रात को एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद लंगड़ा कर जेल भेजा था। हालांकि, उस वक्त उसका साथी फैजान पुलिस को चकमा देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार होने में कामयाब रहा थाकोतवाल दिनेश चन्द्र बघेल ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में शनिवार को भैंस लूट प्रकरण में वांछित चल रहे आरोपी फैजान पुत्र इस्तयाक, निवासी गांव खिवाई (थाना सरूरपुर, जनपद मेरठ) को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी की निशानदेही पर खतौली पुलिस ने मॉडल टाउन कॉलोनी के पास स्थित एक बाग से छुपाकर रखे गए दो कटरे बरामद कर लिएगौरतलब है कि गांव रसूलपुर कैलोरा निवासी किसान सुखपाल पुत्र चरण सिंह ने थाना खतौली में तहरीर देकर इस खौफनाक वारदात की जानकारी दी थी। पीड़ित के मुताबिक, बीती 11/12 जून की रात को अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने उनके घेर में घुसकर उन्हें और उनके पुत्र उमंग को बंधक बना लिया था। इसके बाद बदमाशों ने तमंचे के बल पर आतंकित करते हुए वहाँ से दो भैंस और दो कटरे लूट लिए थे। इस सनसनीखेज वारदात के बाद थाना खतौली में मुकदमा संख्या 184/2026 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) और 331(4) के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।शनिवार को आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जब पीड़ित किसान सुखपाल को कोतवाली बुलाया गया, तो उन्होंने अपने दोनों कटरों की स्पष्ट पहचान कर ली। इसके बाद पुलिस ने लिखा-पढ़ी कर दोनों पशु किसान की सुपुर्दगी में दे दिए, जिससे पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली। प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र बघेल के नेतृत्व में इस शानदार गुडवर्क को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक धर्मवीर कर्दम, उपनिरीक्षक लक्ष्यदीप सिंह और उपनिरीक्षक अनवार राना सहित अन्य पुलिसकर्मी मुख्य रूप से शामिल रहे। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की विधिक कार्रवाई कर रही है
0 टिप्पणियाँ