बड़ी खबर : सपा में बड़ी टूट का दावा, ओमप्रकाश राजभर के बयान से यूपी की राजनीति में बढ़ी हलचल।

2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजभर बोले- 'समूची सपा भाजपा में शामिल होने को तैयार।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दलों के नेताओं और सांसदों के दल-बदल की चर्चाओं के बीच यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी को लेकर बड़ा दावा किया है। बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी सौंपी है। साथ ही उन्होंने खनन घोटाले और गोमती रिवर फ्रंट परियोजना में कथित अनियमितताओं का भी जिक्र किया।
राजभर ने अपने पोस्ट में लिखा कि "खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाले का मास्टरमाइंड कौन है, यह पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है। महाराष्ट्र और बंगाल छोड़िए, समूची सपा भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है।"
राजभर के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि समाजवादी पार्टी की ओर से इस बयान पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में देश की राजनीति में विभिन्न दलों के नेताओं और सांसदों के दल-बदल की चर्चाएं तेज रही हैं। ऐसे माहौल में राजभर का यह दावा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यदि विपक्षी दलों में टूट की अटकलें जारी रहती हैं तो इसका असर आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति और समीकरणों पर पड़ सकता है।
उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी राजनीतिक दल अपने संगठन और जनाधार को मजबूत करने में जुटे हैं। ऐसे में समाजवादी पार्टी को लेकर उठी यह नई सियासी बहस आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ