बड़ी खबर : भंडारे में प्रसाद से पहले ‘जय श्रीराम’ का नारा, वीडियो वायरल होने पर बढ़ा विवाद।

सिद्धार्थनगर में भाजपा नेता पर मुस्लिम बुजुर्ग से धार्मिक नारे लगवाने का आरोप, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस।

सिद्धार्थनगर। जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक भंडारे के दौरान प्रसाद वितरण करते समय भाजपा से जुड़े एक स्थानीय नेता पर एक मुस्लिम बुजुर्ग से ‘जय श्रीराम’ का नारा लगवाने का आरोप लगाया जा रहा है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि बुजुर्ग व्यक्ति प्रसाद लेने के लिए पत्तल लेकर काउंटर पर पहुंचता है। इसी दौरान वहां मौजूद व्यक्ति कथित तौर पर कहता है कि पहले ‘जय श्रीराम’ बोलिए, तभी प्रसाद मिलेगा। इसके बाद बुजुर्ग मुस्कुराते हुए ‘जय श्रीराम’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ का नारा लगाते हैं, जिसके बाद उन्हें प्रसाद दिया जाता है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे धार्मिक आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि अन्य इसे धार्मिक पहचान के आधार पर शर्त लगाने का मामला बता रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन या संबंधित पक्ष की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस लगातार जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ