Meerut: मुजफ्फरनगर में AC पाइप फटने से मोबाइल एसेसरीज की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान।

संवाददाता - योगेश कुमार 
मुजफ्फरनगर। नगर कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी स्थित एक मोबाइल एसेसरीज शोरूम में एयर कंडीशनर (एसी) का पाइप फटने से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान की पहली व दूसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि समय रहते दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाकर बड़े हादसे को टाल दियाजानकारी के अनुसार, आर्यपुरी स्थित मां शाकुम्भरी कम्युनिकेशन बिल्डिंग में अचानक एसी पाइप से आग निकलती दिखाई दी। कुछ ही देर में लपटें तेजी से फैलने लगीं। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।मौके पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग से मोबाइल एसेसरीज से संबंधित पैकिंग सामग्री, रैपर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है।दुकान संचालक प्रदीप कुमार ने बताया कि जैसे ही एसी के पाइप से आग निकलती दिखाई दी, वे तुरंत ऊपर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। उन्होंने बताया कि दुकान में फायर सेफ्टी के सिलेंडर भी मौजूद थे और पानी से भी आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तेज लपटों के कारण आग वाले हिस्से तक पहुंचना संभव नहीं हो सका। घटना में हुए नुकसान का अभी आकलन किया जा रहा है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। स्थानीय व्यापारियों ने राहत की सांस ली कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा आसपास की दुकानों तक भी आग फैल सकती थी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ