आजमगढ़ : कोचिंग सेंटरों व अन्य संस्थानों के अग्निशमन सुरक्षा उपायों की हो सघन जांच : राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ।

लखनऊ की घटना पर जताया शोक, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा सुरक्षा मानकों की व्यापक जांच की मांग।
आजमगढ़, संवाददाता। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, उत्तर प्रदेश की महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ इकाई की ऑनलाइन बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक में लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग संस्थान में आग लगने से हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया गया तथा मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महासंघ के पूर्व संयुक्त महामंत्री एवं वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के कार्य परिषद सदस्य डॉ. जगदीश सिंह दीक्षित तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दीनानाथ सिंह के निर्देश पर आयोजित बैठक में शासन से मांग की गई कि प्रदेश सहित देशभर में संचालित कोचिंग सेंटरों एवं अन्य संस्थानों के अग्निशमन सुरक्षा उपायों की सघन जांच कराई जाए। साथ ही जिन संस्थानों का पंजीकरण नहीं है अथवा जो सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करते हैं, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई एवं आर्थिक दंड लगाया जाए। बैठक में मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा प्रदान करने की भी मांग की गई। इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. पंकज सिंह, महामंत्री डॉ. सुधीर कुमार सिंह, उपाध्यक्ष प्रो. वंदना पाण्डेय, प्रो. अजित प्रसाद राय, डॉ. रामजी वर्मा, डॉ. शैलेश, डॉ. पंकज मौर्य, डॉ. घनश्याम दुबे, डॉ. नीरज सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ