शिक्षा और कृषि विकास को नई दिशा देने के लिए एसबीआई का अभिनव प्रयास, डीएम व महाप्रबंधक ने किया शुभारंभ।
संवाददाता : धीरज वर्माआजमगढ़। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व एवं कृषि विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आजमगढ़ में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। एक ओर पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैदोपुर में एसबीआई के सौजन्य से स्थापित स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया गया, वहीं दूसरी ओर होटल रघुकुल ग्रैंड में "स्मार्ट एग्री कस्टमर मीट" का सफल आयोजन संपन्न हुआ।
स्मार्ट क्लास का लोकार्पण जिलाधिकारी आजमगढ़ रविन्द्र कुमार एवं भारतीय स्टेट बैंक के महाप्रबंधक (नेटवर्क-3) कौशलेन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक, प्रशासनिक कार्यालय वाराणसी आनंद कुमार तथा क्षेत्रीय प्रबंधक, आजमगढ़ अजीत कुमार तिवारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल शिक्षा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। स्मार्ट क्लास जैसी पहलें विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होंगी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में एसबीआई के योगदान की सराहना की। महाप्रबंधक कौशलेन्द्र कुमार ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक केवल बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शिक्षण संसाधनों का द्वार खोलने का कार्य करेगी।
इसके उपरांत होटल रघुकुल ग्रैंड में आयोजित "स्मार्ट एग्री कस्टमर मीट" में जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 60 प्रगतिशील किसानों, कृषि उद्यमियों एवं बैंक के प्रमुख कृषि ग्राहकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीकों, कृषि वित्तपोषण तथा कृषि आधारित उद्यमों के विकास संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना था।
सहायक महाप्रबंधक कृषि व्यवसाय एवं जीएसएस, स्थानीय प्रधान कार्यालय लखनऊ अशोक कुमार सिंह ने कृषि अवसंरचना निधि (एआईएफ), कृषि प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन आधारित उद्यमों की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार तिवारी ने किसानों को बैंक की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया, जबकि उप महाप्रबंधक आनंद कुमार ने कृषि एवं ग्रामीण विकास के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को दोहराया।
कार्यक्रम का संचालन एवं प्रस्तुतीकरण मुख्य प्रबंधक, एसबीआई मुख्य शाखा आजमगढ़ विशाल दत्त ने किया। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड, एग्री गोल्ड लोन, एग्री इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड, डेयरी, पशुपालन, बागवानी, कृषि प्रसंस्करण इकाइयों एवं डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य प्रबंधक अजीत कुमार, मुख्य प्रबंधक राजीव पाण्डेय, मुख्य प्रबंधक शिवनाथ सहित बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शामिल किसानों, कृषि उद्यमियों, शिक्षकों एवं छात्राओं ने एसबीआई की इस दोहरी पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा एवं कृषि विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
0 टिप्पणियाँ