स्ट्रिंग ऑपरेशन के नाम पर बसपा को बदनाम करने की साजिश : मायावती

पार्टी कार्यकर्ताओं के सहयोग से चलती है बसपा, बड़े पूंजीपतियों के इशारों पर नहीं : बसपा सुप्रीमो
मिशन-2027 की तैयारियों से घबराए विरोधी, कार्यकर्ताओं से भ्रामक प्रचार से बचने की अपील।
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में आरोप लगाया है कि चुनाव नजदीक आते ही कुछ राजनीतिक दल और मीडिया का एक वर्ग सुनियोजित तरीके से बसपा और उसके नेतृत्व को बदनाम करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि बसपा एक ऐसी पार्टी है जो बहुजन समाज, गरीब, शोषित, पीड़ित और उपेक्षित वर्गों के संवैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष करती है तथा अन्य दलों की तरह बड़े पूंजीपतियों और धनकुबेरों के इशारों पर नहीं बल्कि अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के तन, मन और धन के सहयोग से संचालित होती है। मायावती ने कहा कि बसपा को मिलने वाला आर्थिक सहयोग पूरी तरह वैधानिक तरीके से पार्टी संगठन और चुनावी गतिविधियों पर खर्च किया जाता है, लेकिन इसके बावजूद स्ट्रिंग ऑपरेशन और भ्रामक खबरों के जरिए पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जिला और मंडल स्तर पर चल रहे कार्यकर्ता सम्मेलनों तथा मिशन-2027 की तैयारियों से विरोधी दलों में बेचैनी बढ़ गई है। बसपा सुप्रीमो ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे विरोधियों के कथित दुष्प्रचार से प्रभावित न हों और पार्टी को मजबूत बनाने के अभियान में पूरी निष्ठा के साथ जुटे रहें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ