बड़ी खबर: फलता में टीएमसी नेता जहांगीर खान के दफ्तर में तोड़फोड़, बंगाल की राजनीति पर फिर उठे सवाल।

गिरफ्तारी की खबर के बाद उग्र भीड़ का हमला, विपक्ष का आरोप— राजनीतिक प्रतिशोध का बढ़ रहा दौर।
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फलता क्षेत्र में टीएमसी नेता और अभिषेक बनर्जी के करीबी माने जाने वाले जहांगीर खान के कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि उनकी गिरफ्तारी की खबर फैलने के बाद उग्र भीड़ ने कार्यालय में घुसकर फर्नीचर, कंप्यूटर और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए तथा वहां भाजपा का झंडा भी लगा दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद मुख्य विपक्षी दल टीएमसी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लगातार हमले हो रहे हैं। चुनाव मतगणना के दौरान भी कई राजनीतिक कार्यालयों में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई थीं। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या पश्चिम बंगाल की राजनीति विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ेगी या फिर बदले की राजनीति का दौर ही जारी रहेगा? लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन क्या विरोधियों के कार्यालयों और नेताओं पर हमले लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप हैं? फिलहाल घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और सबकी नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

— जर्नलिस्ट मनीष कुमार

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ