संवाददाता - योगेश कुमार
मेरठ। शहर के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित माधवपुरम में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खुले नाले में गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान रवि कुमार के रूप में हुई है, जो बाइक मरम्मत का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि वह बीती रात से लापता था। काफी तलाश के बाद उसका शव खुले नाले में मिला, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के समय रवि कथित रूप से शराब के नशे में था। आशंका जताई जा रही है कि अंधेरे में संतुलन बिगड़ने के कारण वह खुले नाले में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।बताया गया है कि रवि के पिता का पहले ही निधन हो चुका था और परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसकी अचानक मौत से परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में घिर गया है।घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर खुले नाले हादसों को न्योता दे रहे हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे। लोगों ने प्रशासन से खुले नालों को ढकने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है
0 टिप्पणियाँ