संवाददाता - योगेश कुमार
मुजफ्फरनगर। जिले में धर्मांतरण और कथित लव जिहाद से जुड़े गंभीर मामले ने तूल पकड़ लिया है। गुरुवार को एक विधवा महिला हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और एसएसपी संजय कुमार वर्मा को शिकायती पत्र सौंपकर एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने खुद को हिंदू बताते हुए “राजीव बालियान” नाम से परिचय दिया और बाद में शादी का झांसा देकर उसका भरोसा जीत लिया। महिला के अनुसार वर्ष 2017 में उत्तराखंड के पिरान कलियर में मुस्लिम रीति-रिवाज से निकाह कराया गया, जहां आरोपी ने अपना असली नाम “अशफाक” बताया।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में पीड़िता को आरोपी की असली पहचान का पता चला, जो पहले से शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं। महिला ने आरोप लगाया कि उसे नमाज पढ़ने और रोजा रखने के लिए मजबूर किया गया तथा उसकी जानकारी के बिना मांसाहारी भोजन भी खिलाया गया।पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने मकान निर्माण के नाम पर उससे करीब 30 लाख रुपये ले लिए और इसके लिए उसे नोएडा स्थित अपना फ्लैट तक बेचना पड़ा। बाद में रुपये लौटाने से इनकार कर दिया गया।महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान चुनाव के दौरान आरोपी ने “अशफाक राजू” नाम का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपाई, जिससे उसकी वास्तविकता सामने आई। विरोध करने पर उसे धमकाया गया और पैसे वापस नहीं किए गए।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों और कथित नेटवर्क की जांच की मांग की है। उसका यह भी आरोप है कि आरोपी अन्य महिलाओं को भी इसी तरह अपने जाल में फंसाने का प्रयास करता है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पीड़िता की शिकायत सुनने के बाद पूरे प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भोपा थाना पुलिस को दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
0 टिप्पणियाँ