आजमगढ़ : मुबारकपुर में बसपा की विधानसभा स्तरीय बैठक सम्पन्न, 2027 चुनाव की तैयारियों पर जोर।

कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान, पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का लिया संकल्प।

संवाददाता -धीरज वर्मा 

आजमगढ़। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुबारकपुर विधानसभा स्तरीय बैठक सोमवार को विधानसभा कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. महबूब आजम अंसारी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ओंकार शास्त्री मौजूद रहे। बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि ओंकार शास्त्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अभी से गांव-गांव और मोहल्लों में जाकर बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की नीतियों और विचारों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में बसपा की सरकार बनाने के लिए सभी को पूरी ताकत के साथ जुटना होगा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डॉ. महबूब आजम अंसारी ने कहा कि वर्ष 2027 के चुनाव को देखते हुए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जमीनी स्तर पर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गरीबों और वंचित वर्ग का शोषण हो रहा है, इसलिए जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझते हुए बसपा की नीतियों का प्रचार-प्रसार करना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से एक बार फिर बहुजन समाज पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी और प्रदेश में खुशहाली का माहौल स्थापित होगा।बैठक का संचालन वीरेंद्र प्रताप 'गुड्डू' ने किया। इस अवसर पर अजय प्रियदर्शी, श्रीराम प्रभारी, शकील अहमद, संतलाल, विजय गुप्ता, अतिकुर्रहमान, संजय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ