न्यायालय में विचाराधीन भूमि पर कब्जे और निर्माण का आरोप, कार्रवाई न होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की शिकायत।
संवाददाता -राकेश गौतम
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के डोडोपुर निवासी मुश्ताक अहमद ने वाद लंबित भूमि पर कथित अवैध निर्माण रोकने की मांग को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को प्रार्थना-पत्र सौंपा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग विवादित भूमि पर जबरन कब्जा कर निर्माण कार्य कराने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रार्थी के अनुसार, संबंधित भूमि का मामला वर्ष 2022 से सिविल जज (अवर खंड) न्यायालय, आजमगढ़ में विचाराधीन है। इसके बावजूद गांव के देलई पुत्र मतीन एवं अब्दुल कय्यूम पुत्र यासीन पर क्षेत्रीय लेखपाल से मिलीभगत कर गलत रिपोर्ट के आधार पर विवादित भूमि पर निर्माण कराने का आरोप लगाया गया है।
मुश्ताक अहमद का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में एसडीएम निजामाबाद और थाना प्रभारी को भी लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। प्रार्थी ने एसएसपी से विवादित भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने, निर्माण कार्य रुकवाने तथा आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले में पुलिस का पक्ष अभी सामने आना बाकी है।
0 टिप्पणियाँ