फरिहा रेलवे स्टेशन पर मेल ट्रेनों के ठहराव समेत तीन प्रमुख मांगों को लेकर ग्राम प्रधान ने डीआरएम को भेजा ज्ञापन।

समपार संख्या-41 की बहाली या अंडरपास तथा गेट संख्या-40 पर फ्लाईओवर निर्माण की उठाई मांग, यात्रियों की सुविधा बढ़ाने पर दिया जोर।
संवाददाता -अबुल कैश 
आजमगढ़। रानी की सराय विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत फरिहा के ग्राम प्रधान अबूबकर खान ने उत्तर पूर्व रेलवे वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को ज्ञापन भेजकर फरिहा रेलवे स्टेशन के विकास और क्षेत्रीय यात्रियों की सुविधाओं से जुड़ी तीन प्रमुख मांगें उठाई हैं। उन्होंने फरिहा रेलवे स्टेशन पर मेल ट्रेनों के ठहराव, समपार संख्या-41 को पुनः चालू करने अथवा वहां अंडरपास निर्माण तथा गेट संख्या-40 पर फ्लाईओवर ब्रिज बनाए जाने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि मऊ-शाहगंज रेलखंड पर स्थित फरिहा रेलवे स्टेशन क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र है। यह स्टेशन जौनपुर, वाराणसी, मंदुरी हवाई अड्डा और अयोध्या मार्ग से जुड़े क्षेत्रों के लिए भी उपयोगी है। साथ ही, निकट स्थित निजामाबाद तहसील अपनी ऐतिहासिक, साहित्यिक एवं विश्वप्रसिद्ध ब्लैक पॉटरी के कारण विशेष पहचान रखती है। ग्राम प्रधान ने कहा कि स्टेशन पर मेल ट्रेनों का ठहराव होने से फरिहा सहित आसपास के सैकड़ों गांवों और लालगंज से मंदुरी तक के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा रेलवे की आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि फरिहा में मऊ-शाहगंज रेलमार्ग का प्रमुख माल गोदाम भी स्थापित है, जिससे स्टेशन का महत्व और बढ़ गया है। रेल संघर्ष समिति एवं क्षेत्रीय जनता की ओर से भेजे गए ज्ञापन में जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपील की गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ