सिविल विवाद के बीच सरकारी स्मार्ट बिजली मीटर से तोड़फोड़, चार नामजद समेत अज्ञात पर मुकदमा दर्ज।

कमीशन की कार्रवाई प्रभावित करने की साजिश का आरोप, सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेज पुलिस को सौंपे।
रिपोर्ट: अबुल कैश
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा कस्बे में संपत्ति विवाद के बीच एक महिला के घर पर लगे सरकारी स्मार्ट बिजली मीटर को उखाड़कर क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों समेत कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरिहा निवासी नाहिद तबस्सुम पत्नी इमरान अहमद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने 8 जनवरी 2026 को एक मकान खरीदा था, जिसे लेकर सिविल न्यायालय में वाद विचाराधीन है। मामले में 8 जुलाई को न्यायालय द्वारा कमीशन की कार्रवाई प्रस्तावित थी। आरोप है कि 7 जुलाई की दोपहर करीब तीन बजे अब्दुल रहमान, अहमद रजा खान, हामिद पुत्रगण शाहनवाज, बदरे आलम पुत्र स्वर्गीय फारूक तथा कुछ अज्ञात लोग उनके घर पहुंचे और सरकारी स्मार्ट बिजली मीटर उखाड़कर तोड़ दिया तथा उसे नाली में फेंक दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का दावा है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसकी फुटेज के साथ बिजली कनेक्शन से संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को उपलब्ध करा दिए गए हैं। उनका आरोप है कि यह कृत्य न्यायालय में होने वाली कमीशन की कार्रवाई और उसकी रिपोर्ट को प्रभावित करने की साजिश के तहत किया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ