जल निगम स्टोर से चोरी किए गए डी-ज्वाइंट व सिलेंडर विद लाइनर बरामद, मुकदमे में नई धारा बढ़ाई गई।
संवाददाता -अबुल कैश
आजमगढ़। निजामाबाद थाना पुलिस ने सरकारी सामग्री चोरी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई सामग्री बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से 2 डी-ज्वाइंट तथा 6 सिलेंडर विद लाइनर बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) भी बढ़ा दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत फरिहा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा अपनी पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर गंधुवई कोल्ड स्टोरेज के पास से फरिहा निवासी 19 वर्षीय मोनू पुत्र नसीम को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की सरकारी सामग्री बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता ने 28 जुलाई 2026 को थाना निजामाबाद में तहरीर देकर बताया था कि 26 जुलाई की शाम फरिहा स्थित जल निगम स्टोर से सिलेंडर असेंबली, सिलेंडर विद लाइनर, डी-ज्वाइंट सहित अन्य सरकारी सामग्री चोरी हो गई थी। इस संबंध में थाना निजामाबाद में मुकदमा संख्या 191/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। बरामदगी और गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस भी जोड़ते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
0 टिप्पणियाँ