आजमगढ़ : ससुराल में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप।

बंद कमरे में फंदे से लटका मिला शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू की।
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के सहनूडीह गांव में गुरुवार रात एक युवक की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव बंद कमरे में चादर के सहारे फंदे से लटका मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए तथा हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने स्थिति को शांत कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, जौनपुर जनपद के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के आरा गांव निवासी उपेंद्र पाठक उर्फ बॉबी अपनी पत्नी और पुत्र के साथ सहनूडीह स्थित ससुराल आए थे। बताया जा रहा है कि वह अपनी बीमार सास का हालचाल लेने पहुंचे थे। देर रात वह एक कमरे में चले गए। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां युवक का शव फंदे से लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन बड़ी संख्या में गांव पहुंच गए। उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों का आरोप है कि हाल ही में जमीन बिक्री से प्राप्त धनराशि को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते घटना हुई। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है।
बरदह थानाध्यक्ष दीपचंद ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ