कानपुर बैठक के बाद राष्ट्रीय नेतृत्व ने साझा की रणनीति, सदस्यता अभियान और जनआंदोलन की रूपरेखा तैयार।
ब्यूरो रिपोर्ट, कानपुर।
कानपुर। भारतीय रक्षक पार्टी (बीआरपी) की कानपुर में आयोजित बैठक के बाद पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने संगठन के विस्तार, जनसेवा और आगामी रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष रुद्र सक्सेना, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंडित गौरव शास्त्री, राष्ट्रीय महासचिव अमित शुक्ला, कानपुर जिला अध्यक्ष अनुज पांडे, वरिष्ठ कार्यकर्ता अनुराग सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में राष्ट्रीय अध्यक्ष रुद्र सक्सेना ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कानपुर से जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करने का निर्णय लिया गया है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंडित गौरव शास्त्री ने पार्टी के नए आधिकारिक ध्वज का परिचय देते हुए कहा कि यह राष्ट्रभक्ति और सामाजिक न्याय के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता का प्रतीक है तथा कार्यकर्ता इसे बूथ स्तर तक पहुंचाकर जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे। राष्ट्रीय महासचिव अमित शुक्ला ने बताया कि आगामी दिनों में व्यापक सदस्यता अभियान एवं जनसभाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसकी रूपरेखा कानपुर बैठक में तय की गई है। वहीं, कानपुर जिला अध्यक्ष अनुज पांडे और पार्टी नेता अनुराग ने कहा कि स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर पार्टी जल्द ही धरातल पर आंदोलन शुरू करेगी। बैठक के अंत में पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
0 टिप्पणियाँ