आजमगढ़ : बैंक प्रबंधक की कथित मनमानी व भ्रष्टाचार की शिकायत।

 उच्च अधिकारियों से, पीड़ितों को न्याय का भरोसा।
संवाददाता -अबुल कैश 
आजमगढ़। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के फरिहा बाजार स्थित यूनियन बैंक की बघौरा इनामपुर शाखा के प्रबंधक पर ग्रामीणों ने मनमानी और कथित भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ितों ने मामले की शिकायत बैंक के उच्च अधिकारियों से की है, जहां उन्हें निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा दिया गया है।
ग्रामीण का आरोप है कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी घर-घर सोलर योजना के तहत ऋण प्राप्त करने के लिए वे पिछले लगभग दो महीनों से बैंक के चक्कर लगा रहे हैं। उनका कहना है कि शाखा प्रबंधक कपिल कुमार द्वारा बार-बार नए-नए दस्तावेज मांगे जा रहे हैं, जिससे पात्र लाभार्थियों को अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ता का यह भी दावा है कि 15 जुलाई 2026 को शाम करीब 3:30 बजे बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के सामने शाखा प्रबंधक ने कहा, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री भी कहेंगे, तब भी मैं लोन पास नहीं करूंगा। आपको जो करना है कर लीजिए।" इस कथित बयान से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीण ने आरोप लगाया कि बैंक में बिना पैसे दिए या कथित दलालों की मदद के कोई भी कार्य आसानी से नहीं हो रहा है। उनका कहना है कि शाखा प्रबंधक के सामने वाली कुर्सी पर अक्सर दलाल बैठे रहते हैं और उन्हीं के माध्यम से काम कराए जाते हैं।
पीड़ित ने मांग की है कि बैंक के उच्च अधिकारी शाखा में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराएं। उनका कहना है कि यदि फुटेज की निष्पक्ष जांच की जाए तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई हो सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ