आजमगढ़ में भाजपा ने ब्लॉक प्रमुखों के प्रशासक मनोनीत होने पर किया सम्मान समारोह।

क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय बोले— ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को मिलेगी नई गति।
संवाददाता -राकेश गौतम 
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में रविवार को सम्मान समारोह आयोजित कर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ब्लॉक प्रमुखों को प्रशासक मनोनीत किए जाने पर जनपद के ब्लॉक प्रमुखों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने सभी नवमनोनीत प्रशासकों को बधाई देते हुए उनके सफल एवं जनसेवा से परिपूर्ण कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।
अपने संबोधन में विनोद राय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक प्रमुखों को प्रशासक बनाए जाने का निर्णय ग्रामीण विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक व्यवस्था को गति प्रदान करने वाला कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी प्रशासक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने कहा कि यह दायित्व केवल एक पद नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मनीष मिश्रा, अरविंद सिंह, सौरभ सिंह 'बिनु', सत्येंद्र राय, नन्हकू राम सरोज, अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ