आजमगढ़ में समाजवादी सैनिक प्रकोष्ठ का मंडल स्तरीय सम्मेलन आयोजित।

अग्निवीर योजना, सैनिक कल्याण और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं ने रखे विचार। 
संवाददाता - धीरज वर्मा
आजमगढ़। समाजवादी सैनिक प्रकोष्ठ का मंडल स्तरीय सम्मेलन रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित नेहरू हॉल में आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राम सिंगार यादव ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद दरोगा प्रसाद सरोज एवं सांसद राजीव राय तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल शरद शरण मौजूद रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद दरोगा प्रसाद सरोज ने कहा कि सैनिक देश के मान, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में अपने प्राणों की बाजी लगाते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व रक्षा मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने सैनिकों के सम्मान और कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए थे, जिनमें शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर को राजकीय सम्मान के साथ उनके घर पहुंचाने और परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने जैसी व्यवस्थाएं शामिल थीं। उन्होंने वर्तमान सरकार की अग्निवीर योजना की आलोचना करते हुए कहा कि इससे युवाओं में भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बनी है।
सांसद राजीव राय ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि देश में बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं और युवाओं की चिंता बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियों से जनता में निराशा का माहौल है तथा आगामी समय में लोग बदलाव की ओर देख रहे हैं।
सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल शरद शरण ने कहा कि सैनिक सदैव राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान के लिए अपना जीवन समर्पित करता है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के हितों की रक्षा और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए समाजवादी पार्टी संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
सम्मेलन को जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, विधायक अखिलेश यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन सुरेश यादव ने किया। इस अवसर पर जे.आर. यादव, राम आधार यादव, शिव जतन यादव, अजीत कुमार राव, अनिल यादव, नरेंद्र कनौजिया, ज्ञानचंद चौहान, पप्पू कुमार यादव, सुदामा साहनी, बहादुर निषाद, उधम सिंह राठौर, चंचल यादव, लल्लन चौहान, जगधारी यादव, छोटे लाल यादव, विजय बहादुर यादव, द्रौपदी पाण्डेय, सुनीता उपाध्याय, गीत गिरी, शबनम खातून, सिकंदर यादव, नरसिंह यादव सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ