मऊ : श्रेष्ठा योजना से चमकी ग्रामीण प्रतिभा, सत्यम और शिवम का प्रतिष्ठित स्कूल में चयन।

पूर्व माध्यमिक विद्यालय धरौली (घोसी) के दो छात्रों ने श्रेष्ठा योजना योजना में पाई सफलता, सम्मान समारोह में विद्यार्थियों और अभिभावकों का हुआ अभिनंदन।
घोसी (मऊ)। पूर्व माध्यमिक विद्यालय धरौली, विकास खंड घोसी ने शिक्षा के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार की श्रेष्ठा (श्रेष्ठा योजना) योजना के अंतर्गत विद्यालय के छात्र सत्यम तथा पूर्व छात्र शिवम का चयन वाराणसी के प्रतिष्ठित डॉ. ए.एल. ईश्वरत मेमोरियल सनबीम स्कूल में अध्ययन के लिए हुआ है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार तथा अध्यक्षता कर रहे पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक शिवचंद राम ने चयनित विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न एवं उनके अभिभावकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि श्रेष्ठा योजना ग्रामीण एवं वंचित वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध करा रही है और यह सफलता क्षेत्र के अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक डॉ. रामविलास भारती, अधिवक्ता सौम्या चतुर्वेदी, सेवानिवृत्त चिकित्सक डॉ. रमापति भास्कर सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह का संचालन डॉ. तेजभान ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ