दौलतपुर गांव की घटना, पुलिस जांच में जुटी; ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की।
संवाददाता - राकेश गौतम
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक मकान में घुसकर जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
दौलतपुर गांव निवासी मीना देवी के अनुसार, गुरुवार रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर सीढ़ी के रास्ते घर में दाखिल हुए और बक्से की सिटकनी तोड़कर उसमें रखा कीमती सामान चोरी कर ले गए। https://www.instagram.com/reel/Dbcrbu0Rtas/?igsh=MTlpeHMyY21jMHFxMg==
शुक्रवार सुबह साफ-सफाई के दौरान बक्से की सिटकनी टूटी देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। ताला बंद होने के बावजूद बक्से के भीतर रखा सामान गायब था। पीड़िता ने बताया कि चोर दो जोड़ी चांदी की पायल, गले का मंगलसूत्र, कान की झाली, नथिया तथा लगभग एक हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। समाचार लिखे जाने तक मामले की जांच जारी थी और पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई थी। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
0 टिप्पणियाँ