आजमगढ़ : तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार किसान की मौत।


ठेकमा बाजार से घर लौटते समय हादसा, अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस।
ठेकमा/आजमगढ़। ठेकमा बाजार से साइकिल से अपने घर लौट रहे एक किसान की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र के सराय मोहन गांव निवासी सुरेश सरोज (56) शुक्रवार को ठेकमा बाजार से साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की। थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ