हीरापट्टी मार्ग की बदहाल स्थिति पर कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, नगर पालिका व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ की नारेबाजी।
संवाददाता -धीरज वर्मा आजमगढ़
आजमगढ़। नगर के हीरापट्टी मोहल्ले में वर्षों से जर्जर और जलभराव से प्रभावित सड़क के निर्माण की मांग को लेकर भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पानी से भरी सड़क पर उतरकर गड्ढों में पौधारोपण किया और नगर पालिका प्रशासन, जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।https://www.instagram.com/reel/DbfJL3oxqBs/?igsh=bzR0M2s0bWptODNq
प्रदर्शन का नेतृत्व भारत रक्षा दल के अध्यक्ष हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने कहा कि हीरापट्टी, आरजीबाग, शिवाजी नगर सहित कई मोहल्लों के लोगों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। फातिमा स्कूल, सेंट्रल स्कूल, शिब्ली कॉलेज सहित कई शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं भी इसी सड़क का उपयोग करते हैं। इसके अलावा श्री चित्रगुप्त मंदिर भी इसी मार्ग पर स्थित है, लेकिन वर्षों से सड़क की हालत अत्यंत खराब बनी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार नगर पालिका और प्रशासन को ज्ञापन देने के बावजूद सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों की घोर उदासीनता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिलाधिकारी से मिलने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो भारत रक्षा दल व्यापक आंदोलन करेगा।
प्रदर्शन में अजय सिन्हा एडवोकेट, जावेद अंसारी, सुशील कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट, डॉ. धीर जी, द्वारिकाधीश पाण्डेय, दुर्गेश श्रीवास्तव, धनंजय अस्थाना, हिमांशु सिंह, सोनू मिश्रा, जश्निल कुमार, आलोक शर्मा, राजन अस्थाना सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ