आजमगढ़ : महिला पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार।

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, अवैध तमंचा, कारतूस व नकदी बरामद।
आजमगढ़ : पवई थाना क्षेत्र में महिला पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त सुजीत मौर्य को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई को आरोपी ने एक महिला पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी महिला का लंबे समय से पीछा करता था और एकतरफा लगाव रखता था। घटना के बाद वह फरार हो गया था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
17/18 जुलाई की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने खंडोरा अंडरपास के पास घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि घिरने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने महिला पर हमला करने की बात स्वीकार की।
आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा 220 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने उसके विरुद्ध महिला पर हमले के मामले के अलावा पुलिस टीम पर फायरिंग और आयुध अधिनियम की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ