जहानागंज पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो लाठी व लोहे की रॉड की बरामद, सभी आरोपियों को न्यायालय भेजा
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जहानागंज पुलिस ने जमीनी विवाद में दो लोगों पर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठी और एक लोहे की रॉड भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार 14 जुलाई को मालती देवी, निवासी ग्राम टेल्हुआ चकवली की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि जमीनी विवाद को लेकर विपक्षी पक्ष ने उनके पति गरीब यादव (75) और पुत्र रामअशीष यादव (35) पर लोहे की रॉड व अन्य हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। मामले की विवेचना के दौरान बुधवार को उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह व पुलिस टीम ने थाना परिसर से केदारनाथ यादव, रामअधार यादव, सर्वेश उर्फ फिरींगी, अनिल उर्फ रामविलास तथा अवधेश यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर दो लाठी एवं एक लोहे की रॉड बरामद की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध मु.अ.सं. 150/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल कृष्ण देव, कांस्टेबल अलाऊद्दीन, शैलेष यादव एवं अभिषेक कुमार शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ