बड़ी खबर : 27 साल बाद भाजपा छोड़ बसपा में शामिल हुए भरत भैया, मधुबन से प्रभारी प्रत्याशी घोषित।

मंडल प्रभारी दिनेश चंद्रा व डॉ. इंदु चौधरी की मौजूदगी में हुआ ऐलान, विशाल जनसभा में उमड़ा जनसैलाब; प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल की कार्यशैली की जमकर सराहना।
मधुबन (मऊ)। भाजपा में करीब 27 वर्षों तक सक्रिय रहे मधुबन के नेता भरत भैया ने रविवार को बसपा का दामन थाम लिया। मधुबन के गांधी मैदान पांती में आयोजित विशाल जनसभा में बसपा के मंडल प्रभारी दिनेश चंद्रा एवं डॉ. इंदु चौधरी की मौजूदगी में उनके बसपा में शामिल होने की आधिकारिक घोषणा की गई। इसी दौरान उन्हें मधुबन विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का प्रभारी प्रत्याशी भी घोषित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थक और बसपा कार्यकर्ता पहुंचे। जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ के बीच भरत भैया का जोरदार स्वागत किया गया। उनके बसपा में शामिल होने को मधुबन की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
अपने संबोधन में भरत भैया ने भाजपा में अपने करीब 27 वर्षों के राजनीतिक सफर का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 से वह लगातार मधुबन विधानसभा क्षेत्र की जनता के बीच सक्रिय रहे और भाजपा के लिए जमीनी स्तर पर कार्य किया। उन्होंने टिकट को लेकर 2017 और 2022 में निराशा मिलने का भी जिक्र किया।
भरत भैया ने बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल की कार्यशैली की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष को किसी गरीब, मजलूम या पीड़ित व्यक्ति पर अत्याचार की सूचना मिलती है, वह अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर न्याय दिलाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा, “हमें गर्व है कि हमें प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल के संरक्षण में काम करने का मौका मिलेगा।”
उन्होंने कहा कि कमजोर, दबे-कुचले और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आवाज को मजबूती देना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बसपा प्रमुख मायावती के नेतृत्व और स्वर्गीय कांशीराम के विचारों में विश्वास जताया। भरत भैया ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में मधुबन से नया राजनीतिक इतिहास लिखा जाएगा। पार्टी द्वारा प्रभारी प्रत्याशी बनाए जाने के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का संकल्प भी जताया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ