गिरफ्तारी और डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर हुई थी ठगी, साइबर टीम ने NCRP के जरिए रकम कराई होल्ड।
संवाददाता -अबुल कैश
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के दो मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ितों को राहत मिली है। पुलिस ने साइबर ठगी की शिकार दो महिलाओं की कुल 72 हजार रुपये की धनराशि वापस कराई। दोनों मामलों में ठगों ने अलग-अलग तरीके से भय पैदा कर रकम अपने खातों में ट्रांसफर करा ली थी।
पुलिस के अनुसार ग्राम बारीखास निवासी प्रीती चौहान से उनके बड़े पापा को गिरफ्तार कराने का डर दिखाकर 40 हजार रुपये की ठगी की गई थी। वहीं, कस्बा निजामाबाद निवासी एरम को डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर 32 हजार रुपये ठग लिए गए थे।
दोनों मामलों की शिकायत साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त होने के बाद थाना निजामाबाद की साइबर टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। टीम ने NCRP पोर्टल के माध्यम से ठगी की रकम संबंधित खातों में होल्ड कराई। इसके बाद न्यायालय के आदेश के आधार पर दोनों पीड़ितों को उनकी पूरी धनराशि वापस करा दी गई।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में साइबर टीम प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप आनंद, कांस्टेबल राकेश यादव, कांस्टेबल संदेश सिंह और महिला आरक्षी रेनू देवी ने कार्रवाई में भूमिका निभाई।
रकम वापस मिलने के बाद दोनों पीड़ितों ने निजामाबाद पुलिस और साइबर टीम के प्रति आभार जताया। पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन लेनदेन की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
0 टिप्पणियाँ