आजमगढ़: घर में घुसा 9 फीट लंबा अजगर, पालतू कुत्ते ने भौंककर बचाई परिवार की जान।

निबी बेलईसा में समाजसेविका मीरा चौहान के घर मचा हड़कंप, वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ा।
आजमगढ़। निबी बेलईसा स्थित करासिंग गैस एजेंसी के पास गली में समाजसेविका मीरा चौहान के घर उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 9 फीट लंबा अजगर घर के अंदर दिखाई दिया। परिवार के पालतू कुत्ते ने सबसे पहले अजगर को देखा और लगातार आवाज करने लगा। कुत्ते की आवाज सुनकर घर के सदस्य मौके पर पहुंचे तो उनकी नजर विशाल अजगर पर पड़ी। अजगर को देखते ही परिवार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अजगर को देखते ही आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए और उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस के माध्यम से वन विभाग की टीम को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद टीम अजगर को अपने साथ ले गई। बताया गया कि अजगर की लंबाई करीब 9 फीट और वजन लगभग 25 किलोग्राम था।
समाजसेविका मीरा चौहान ने कहा कि इस घटना के दौरान एक बार फिर महसूस हुआ कि जानवर कितने वफादार होते हैं। पालतू कुत्ते की आवाज सुनकर जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो पता चला कि घर में इतना बड़ा अजगर मौजूद है। समय रहते जानकारी मिलने से परिवार के लोग सतर्क हो गए।
मीरा चौहान जानवरों के प्रति भी विशेष संवेदनशील हैं। यदि उन्हें कहीं भी कोई घायल जानवर दिखाई देता है तो वह तत्काल उसके इलाज और मदद का प्रयास करती हैं। उनका कहना है कि बेजुबान जानवर अपनी परेशानी खुद नहीं बता सकते, इसलिए उनकी मदद के लिए इंसानों को आगे आना चाहिए। उन्होंने आमजन से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि शहर के करीब होने के बावजूद उनके घर में अजगर निकल आया, ऐसे में यह कहीं भी निकल सकता है। लोगों को घर के आसपास झाड़ियों, खाली स्थानों और अन्य संभावित जगहों पर सावधानी बरतनी चाहिए।
मीरा चौहान ने आमजन से अपील की—“सावधान रहें, सुरक्षित रहें।”

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ