NSS के 81वें चक्र के तहत प्रवासन, कृषि परिवारों और ऋण-निवेश सर्वेक्षण पर दिया जा रहा प्रशिक्षण।
संवाददाता -धीरज वर्मा
आजमगढ़। भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकार्य प्रभाग), क्षेत्रीय कार्यालय प्रयागराज की ओर से उप-क्षेत्रीय कार्यालय आजमगढ़ में 10 से 12 अगस्त तक तीन दिवसीय पुनश्चर्या क्षेत्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण (NSS) के 81वें चक्र के तहत होने वाले सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षणों का प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित करना है।
प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन क्षेत्रीय कार्यालय प्रयागराज के संयुक्त निदेशक मोहम्मद तय्यब ने किया। इस दौरान उपनिदेशक श्रीमती नौशीन मुशर्रफ सहित विभिन्न उप-क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारी, सांख्यिकीय अधिकारी, सर्वेक्षण पर्यवेक्षक और प्रगणक मौजूद रहे।
प्रशिक्षण के दौरान प्रवासन सर्वेक्षण, कृषि परिवारों की स्थिति आकलन तथा अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण (AIDIS) से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों-कर्मचारियों को सर्वेक्षण की अवधारणा, परिभाषाओं, अनुसूचियों, नमूना चयन, आंकड़ा संकलन और गुणवत्ता नियंत्रण के बारे में प्रशिक्षित किया गया।
बताया गया कि NSS का 81वां चक्र जुलाई 2026 से जून 2027 तक चलेगा। इन सर्वेक्षणों से रोजगार, कृषि, ग्रामीण विकास, ऋण, निवेश और सामाजिक-आर्थिक स्थिति से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाए जाएंगे। अधिकारियों ने कहा कि विश्वसनीय आंकड़े साक्ष्य आधारित नीति निर्माण की आधारशिला हैं, इसलिए सर्वेक्षणों में गुणवत्ता और शुद्धता बेहद महत्वपूर्ण है।
0 टिप्पणियाँ