आजमगढ़ : कांवड़ियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिसकर्मियों को दिया व्यवहार व संवाद प्रशिक्षण।

आजमगढ़, मऊ और बलिया के 455 पुलिसकर्मियों ने लिया प्रशिक्षण।
आजमगढ़। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 14 अगस्त को पुलिस लाइन आजमगढ़ में पुलिसकर्मियों के लिए अर्द्धदिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण डीआईजी श्री देवरंजन वर्मा के निर्देशन में कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को व्यवहार, संवाद और व्यक्तित्व विकास से संबंधित जानकारी दी गई। श्रद्धालुओं की आस्था, रीति-रिवाज और भावनाओं को समझते हुए उनके साथ शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिसकर्मियों को सांस्कृतिक संवेदनशीलता, सेवाभाव, सामाजिक व्यवहार, विश्वास कायम करने, बेहतर समन्वय, समस्या समाधान, आत्म-संवेदनशीलता, तनाव प्रबंधन और भावनात्मक संतुलन जैसे विषयों पर व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में तनावपूर्ण परिस्थितियों में संयम और धैर्य बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सहायता, सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देने के तरीके बताए गए। साथ ही प्रभावी संवाद के माध्यम से श्रद्धालुओं और सहकर्मियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ श्री सुनील कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी सहित आजमगढ़, मऊ और बलिया के करीब 455 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के साथ श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ