अम्बेडकरनगर : ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं जागरूकता कार्यक्रम।

सांस्कृतिक कार्यक्रम, तिरंगा रैली और प्रतियोगिताओं का आयोजन; 40 प्रतिभागी हुए पुरस्कृत, विद्यार्थियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा।
अम्बेडकरनगर। अकबरपुर स्थित बीएन इंटर कॉलेज में केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, आजमगढ़ की ओर से ‘हर घर तिरंगा एवं स्वतंत्रता दिवस’ विषय पर दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी सह जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रध्वज के महत्व, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्रधानाचार्य राकेश कुमार मिश्रा ने जागरूकता चेतना रथ को हरी झंडी दिखाकर किया। चेतना रथ के माध्यम से लोगों के बीच पम्फलेट और हैंडबिल वितरित कर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के पहले दिन चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन एमएलसी हरि ओम पांडेय ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना तथा देश के प्रति सम्मान और एकता की भावना को मजबूत करना है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कॉलेज परिसर में ध्वजारोहण किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज को देश के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक बताया। वहीं नगर पालिका परिषद अकबरपुर के अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में तिरंगा रैली, वृक्षारोपण, प्रश्नोत्तरी और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विजेता 40 विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर रैली निकाली और देशभक्ति के नारों से वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।
केंद्रीय संचार ब्यूरो, लखनऊ के पंजीकृत सांस्कृतिक दल की कलाकार प्रतिमा यादव ने देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। साथ ही ‘माय भारत’ और बाल विकास पुष्टाहार विभाग की ओर से जागरूकता स्टॉल लगाए गए।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं आजमगढ़ के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी तारिक अजीज ने आयोजन के उद्देश्य और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने अतिथियों को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अशोक वर्मा, राकेश त्रिपाठी, अनुराग त्रिपाठी, सुखराम, जय प्रकाश, ज्ञानेंद्र चतुर्वेदी सहित कॉलेज के शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ