गाजियाबाद : क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में 12 साल की बच्ची से रेप का वीडियो बनाने वाली आरोपी की पत्नी गिरफ्तारगाजियाबाद: क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में 12 साल की एक नाबालिग छात्रा के साथ रेप किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी अमन की 19 साल की पत्नी मनीषा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अमन की पत्नी मनीषा ने रेप की इस वारदात का वीडियो अपने मोबाइल फोन से बनाया था। पुलिस ने आरोपी मनीषा के पास से घटना से जुड़ा वह मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है, जिससे यह वीडियो रिकॉर्ड किया गया था।यह पूरा मामला 11 अगस्त का बताया जा रहा है। पीड़ित नाबालिग छात्रा की मां ने पुलिस को इस संबंध में शिकायत दी थी। मां ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि उसकी 12 साल की बेटी के साथ उसके दामाद अमन ने कई बार रेप की वारदात को अंजाम दिया। आरोप यह भी है कि इस घटना के बारे में किसी को भी बताने पर आरोपी अमन ने नाबालिग छात्रा को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके साथ ही अमन ने खुद भी आत्महत्या करने की धमकी दी थी।पीड़ित मां से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने नाबालिग छात्रा के बयान दर्ज किए, उसकी मेडिकल जांच कराई और अन्य साक्ष्य जुटाए। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद आरोपी अमन को 13 अगस्त को जेल भेज दिया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अमन की पत्नी मनीषा ने रेप की घटना का वीडियो अपने मोबाइल से बनाया था। इसके बाद मामले में मनीषा की भूमिका की जांच शुरू की गई और उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम लगाई गई।पुलिस के अनुसार, शनिवार को समय करीब 3 बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मनीषा को कृष्णानगर, बागू क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी मनीषा मिसलगढ़ी सौभाग्यपुरम में शनि मंदिर के पास रहती है। पूछताछ में मनीषा ने बताया कि पीड़ित नाबालिग छात्रा उसकी छोटी बहन है और करीब 20 दिन पहले वह उनके घर रहने आई थी। इसी दौरान अमन ने उसकी बहन को अपने झांसे में लेकर उसके साथ रेप किया। मनीषा ने बताया कि उसने इस दौरान मोबाइल से वीडियो बना लिया था। पुलिस ने मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस मनीषा के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।
0 टिप्पणियाँ