कानपुर : रामबाग में बच्चों के साथ धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस।

निःशुल्क विद्यालय के बच्चों ने दी देशभक्ति गीत, कविता और नृत्य की प्रस्तुति; भारतीय रक्षक पार्टी के पदाधिकारियों ने बांटी मिठाइयां।
कानपुर। पी. रोड स्थित रामबाग पार्क में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धर्म प्रसार जन कल्याण समिति की ओर से संचालित निःशुल्क विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय रक्षक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रूद्र सक्सेना समेत पार्टी के पदाधिकारियों ने शिरकत कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। समारोह के दौरान बच्चों ने देशभक्ति गीत, कविताओं और नृत्य की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरा परिसर भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। बच्चों की प्रस्तुतियों की पार्टी पदाधिकारियों ने सराहना की और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयास को महत्वपूर्ण बताया।
संस्था के संस्थापक पंडित गौरव शास्त्री ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों तक शिक्षा पहुंचाना समाज के प्रति जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से ऐसे प्रयासों में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में बाबूलाल की विशेष उपस्थिति रही, जबकि शिक्षिका नैंसी वर्मा ने मंच संचालन किया। भारतीय रक्षक पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अमित शुक्ला, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दीपा मिश्रा, राष्ट्रीय उप कोषाध्यक्ष श्वेता शुक्ला, कानपुर जिला अध्यक्ष अनुज पांडे और महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष त्रिवेदी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। समारोह के अंत में पार्टी पदाधिकारियों ने बच्चों को मिठाइयां वितरित कीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। देशभक्ति के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ