बाइक से पहुंचे तीन हमलावरों ने घर पर की थी गोलीबारी, गिरफ्तार आरोपी के मोबाइल में कैद मिला वारदात का वीडियो।
संवाददाता -रमेशचंद यादव
तहबरपुर/आजमगढ़। थाना क्षेत्र के नैपुरा गांव में घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त की रात करीब 10:45 बजे वादी अपने परिजनों के साथ घर के बरामदे में मौजूद था। इसी दौरान बाइक सवार तीन लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए पिस्टल से जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। गोली जमीन से टकराई और मौके पर खोखा गिरा। परिजनों के दौड़ने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक से फरार हो गए।
मामले में थाना तहबरपुर पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने 21 अगस्त को सोफीपुर चौराहे के पास से मनीष यादव उर्फ हंटर उर्फ गोलू निवासी असनी, थाना निजामाबाद और विशाल यादव निवासी देवदत्तपट्टी (सोफीपुर), थाना निजामाबाद को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, विशाल के कब्जे से बरामद POCO एंड्राइड मोबाइल फोन में फायरिंग के दौरान का वीडियो मिला है। पूछताछ में दोनों आरोपियों द्वारा योजना बनाकर फायरिंग कराने की बात सामने आई। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी, कांस्टेबल मिथिलेश साह, सत्यम सिंह, ताहिर अली और हरिभजन शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ