वर्ष 2016 से संपर्क में रहने और 2022 से 2026 तक साथ रहने का पीड़िता ने लगाया आरोप, शादी से इनकार के बाद मारपीट का भी आरोप।
नोएडा से भगाने के मामले में रौनापार पुलिस ने भीमबर पुलिया के पास से पकड़ा, आगे की कानूनी कार्रवाई जारी।
आजमगढ़। रौनापार थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और बाद में शादी से इनकार कर मारपीट करने के आरोप में नामजद युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता की तहरीर पर आरोपी रविन्द्र कुमार समेत उसकी मां मीना देवी और बहन पुनीता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसकी वर्ष 2016 से रविन्द्र कुमार से बातचीत होती थी। आरोप है कि शादी का भरोसा देकर रविन्द्र ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वर्ष 2022 से 2026 तक वह उसे अपने साथ ग्रेटर नोएडा ले गया, जहां दोनों साथ रह रहे थे। पीड़िता के अनुसार, शादी की बात करने पर आरोपी ने इनकार कर दिया और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की। आरोप है कि 15 अप्रैल 2026 को उसे ग्रेटर नोएडा से बाहर भेज दिया गया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने आरोपी के घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी तो उसकी मां और बहन ने भी उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की और धमकी दी। शिकायत के आधार पर रौनापार थाने में मुकदमा संख्या 223/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त को उपनिरीक्षक अम्बुज कुमार राही ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी रविन्द्र कुमार पुत्र रमेश चन्द, निवासी बर्नापुर जगदीशपुर, थाना बिलरियागंज, को भीमबर पुलिया के पास से करीब 11:40 बजे गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अम्बुज कुमार राही, कांस्टेबल रविशंकर चौरसिया और रिजर्व कांस्टेबल सगीर अहमद खां शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ