मना करने पर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, शिकायत के बाद जीयनपुर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई।
आजमगढ़। जीयनपुर थाना क्षेत्र में शादी के लिए दबाव बनाने और मना करने पर मोबाइल टावर पर चढ़कर धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को एक युवती ने थाना जीयनपुर में प्रार्थना-पत्र देकर आरोप लगाया कि उसकी शादी कहीं अन्यत्र तय होने के बावजूद अलीनगर अजमतगढ़ निवासी अजीम उस पर स्वयं से शादी करने अथवा रुपये देने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि युवती द्वारा मना करने पर अजीम मोबाइल टावर पर चढ़ गया और धमकी देने लगा। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 0341/2026, धारा 308(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत जीयनपुर पुलिस ने आरोपी अजीम पुत्र असगर, निवासी अलीनगर अजमतगढ़, उम्र करीब 28 वर्ष को 8 अगस्त को करीब 15 बजे गोगा साव तिराहा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनय कुमार यादव और हेड कांस्टेबल केश्वेन्द्र प्रताप सिंह शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ