कंजरा गांव के पास बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने युवक को रोका, पहचान छिपाने का लगाया आरोप।
जीयनपुर। कोतवाली क्षेत्र के कंजरा गांव के समीप मंगलवार को नंदी के साथ चंदा एकत्र कर रहे एक युवक को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने युवक को रोककर उससे पूछताछ की और बाद में पुलिस को सूचना दी। पुलिस युवक को अपने साथ जीयनपुर कोतवाली ले गई।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि युवक सावन के दौरान नंदी को साथ लेकर आसपास के गांवों में चंदा मांग रहा था और इस दौरान उसने अपनी पहचान स्पष्ट नहीं की। संदेह होने पर कार्यकर्ताओं ने उसे रोककर जानकारी हासिल करने का प्रयास किया। मामला बढ़ने पर पुलिस को बुलाया गया।
बजरंग दल के जिला सह संयोजक शिवम सिंह के अनुसार, सूचना मिलने के बाद वह भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस युवक को थाने ले गई।
जीयनपुर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि युवक को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। पूछताछ पूरी करने के बाद उसे छोड़ दिया गया। पुलिस की ओर से युवक के खिलाफ कोई अन्य कार्रवाई किए जाने की जानकारी नहीं दी गई है।
0 टिप्पणियाँ