लंभुआ में तय रूट से अलग रास्ते पर ले जाने का आरोप, नपं अध्यक्ष समर्थकों ने सड़क पर घेरकर जताई नाराजगी।
लंभुआ/सुल्तानपुर। भाजपा की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा का निर्धारित मार्ग बदले जाने को लेकर बुधवार को विवाद खड़ा हो गया। यात्रा के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष अवनीश सिंह के समर्थकों ने भाजपा जिला महामंत्री विजय प्रताप त्रिपाठी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नाराजगी जताई। बताया गया कि समर्थकों ने उनकी कार को रास्ते में रोककर घेर लिया और काफी देर तक विरोध किया।https://www.instagram.com/reel/Db8E8iPRtg0/?igsh=MXkxdTA3em1zOTVnaA==
कार्यक्रम के लिए जमखुरी निवासी ओम प्रकाश त्रिपाठी को यात्रा संयोजक बनाया गया था। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा सर्वोदय इंटर कॉलेज से निकलकर वीर अब्दुल हमीद चौक (दुर्गापुर तिराहा) तक जानी थी। यात्रा की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नपं अध्यक्ष अवनीश सिंह को दी गई थी। उनके स्तर से भोजन और बैठने की व्यवस्था भी की गई थी।
आरोप है कि ऐन वक्त पर यात्रा का मार्ग बदलकर मुख्य चौराहे से दियरा रोड और पठखौली रोड होते हुए वापस सर्वोदय इंटर कॉलेज कर दिया गया। इससे वीर अब्दुल हमीद चौक पर की गई व्यवस्थाएं प्रभावित हो गईं और अध्यक्ष समर्थकों में नाराजगी फैल गई।
अवनीश सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने पूरी व्यवस्था कर रखी थी, लेकिन मार्ग बदल दिया गया। वहीं जिला महामंत्री विजय प्रताप त्रिपाठी पर समर्थकों ने राजनीतिक हित साधने का आरोप लगाया। दूसरी ओर भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कहा कि उन्हें पूरे मामले की जानकारी नहीं है।
मार्ग बदलने से नाराज यात्रा संयोजक लौटे:
यात्रा संयोजक ओम प्रकाश त्रिपाठी भी मार्ग परिवर्तन से नाराज बताए गए और आधे रास्ते से वापस लौट गए। उन्होंने यात्रा के मार्ग को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक भी की थी।
पूर्व विधायक ने भी साधा निशाना:
समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक संतोष पांडेय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भाजपा के अंदर हुए इस विवाद पर टिप्पणी की और पार्टी पदाधिकारियों पर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा जिला महामंत्री के विरोध का वीडियो भी साझा किया।
0 टिप्पणियाँ