कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की समीक्षा को आजमगढ़ पहुंचे शाकिर सनादी।

बूथ से विधानसभा स्तर तक संगठन की स्थिति पर लिया फीडबैक, अगले 10 दिनों तक हर विधानसभा में होगा संवाद। 
संवाददाता-धीरज वर्मा 
आजमगढ़। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की प्रगति की समीक्षा और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से कर्नाटक सरकार के राज्य मंत्री एवं एआईसीसी प्रभारी संगठन सृजन अभियान शाकिर सनादी आजमगढ़ पहुंचे। उनके साथ पीसीसी पर्यवेक्षक डॉ. प्रमोद पांडेय और प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस सेवादल डॉ. अमित राय भी मौजूद रहे।
जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ की अध्यक्षता में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इस दौरान शाकिर सनादी ने कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन संवाद कर संगठन की स्थिति, स्थानीय चुनौतियों और कार्यकर्ताओं की समस्याओं की जानकारी ली।
प्रेस वार्ता में शाकिर सनादी ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए जमीनी कार्यकर्ताओं की आवाज और अनुभवों को समझना जरूरी है। इसी उद्देश्य से एआईसीसी और पीसीसी के पर्यवेक्षक अगले 10 दिनों तक जिले की प्रत्येक विधानसभा में जाकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके साथ ही समाज के प्रबुद्ध वर्ग और आम लोगों से भी सुझाव लिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्राप्त फीडबैक के आधार पर संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। पीसीसी पर्यवेक्षक डॉ. प्रमोद पांडेय ने भी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने को अभियान का प्रमुख उद्देश्य बताया।
जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ने कहा कि अभियान से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ेगी। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ