आजमगढ़ : 20 साल में जर्जर हुआ गांव का मुख्य मार्ग, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई सड़क निर्माण की गुहार।

जयरामपुर, नाजपुर, भैरोपुर और पिक पोशी को जोड़ने वाली सड़क पर आवागमन मुश्किल, ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत की मांग की।
संवाददाता -राकेश गौतम 
आजमगढ़। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के नगवा गांव में मुख्य आवागमन मार्ग की जर्जर हालत से परेशान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर सड़क निर्माण एवं मरम्मत कराए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब दो दशक पहले निर्मित इस मार्ग की हालत अब बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह टूट-फूट और गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण त्रिभुवन नाथ पाण्डेय पुत्र स्वर्गीय रामाश्रय पाण्डेय आदि ने बताया कि नगवा गांव से होकर गुजरने वाला यह मुख्य मार्ग जयरामपुर, नाजपुर, भैरोपुर और पिक पोशी समेत आसपास के गांवों को जोड़ता है। करीब 20 वर्ष पूर्व मार्ग पर खड़ंजा/निर्माण कार्य कराया गया था, लेकिन रखरखाव के अभाव में वर्तमान में सड़क जर्जर हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार मार्ग की स्थिति इतनी खराब है कि दोपहिया वाहनों से आवागमन में भी परेशानी होती है, जबकि पैदल चलने वालों को भी गड्ढों और टूटी सड़क के कारण दिक्कत उठानी पड़ती है। उनका कहना है कि खराब मार्ग के चलते दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर पूर्व में खंड विकास अधिकारी कोपागंज और उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर को प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। इसके बाद ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से स्थानीय ग्रामीणों के साथ किसान और अनुसूचित जाति वर्ग के लोग भी नियमित रूप से आवागमन करते हैं। आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला होने के कारण यह मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर सड़क की स्थिति का निरीक्षण कराने तथा आवश्यकतानुसार मरम्मत अथवा नए निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है, ताकि लोगों का आवागमन सुचारु हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ