आजमगढ़ : दलित बस्ती का रास्ता बाधित होने का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार।

मुखलिसपुर सिरिसिया में जलभराव और कीचड़ से आवागमन प्रभावित, ग्रामीणों ने जांच कर रास्ता दुरुस्त कराने की मांग की।
संवाददाता -राकेश गौतम 
आजमगढ़। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के मुखलिसपुर सिरिसिया गांव में दलित बस्ती के लोगों ने आवागमन के रास्ते में अवरोध और जलभराव की समस्या को लेकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से मौजूद रास्ते पर खड़ंजा नहीं लगने के कारण बरसात के दिनों में कीचड़ और पानी भर जाता है, जिससे आवागमन में परेशानी होती है।
ग्रामीणों के अनुसार, दलित बस्ती के लोगों के आने-जाने के लिए यह रास्ता वर्ष 1972 से मौजूद है। आरोप है कि कुछ प्रभावशाली लोगों की ओर से रास्ते के निर्माण में बाधा डाले जाने के कारण अब तक मार्ग पर खड़ंजा नहीं लग सका है। ग्रामीणों ने बताया कि रास्ता गाटा संख्या 210 और 197 के बीच से होकर 191 और 192 होते हुए पोखरे तक जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे और जलभराव होने से बच्चों, बुजुर्गों तथा अन्य लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है। रास्ते की समस्या को लेकर प्रधान, लेखपाल और संबंधित कर्मचारियों से शिकायत किए जाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो सका। प्रार्थना पत्र देने वालों में सत्यप्रकाश, सुभाष, श्रवण, हरिराम, सत्यम, रामहित, अमन, आशीष कुमार समेत अन्य ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मौके की जांच कराकर रास्ते से अवरोध हटाने तथा आवश्यक निर्माण कार्य कराकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ