आजमगढ़ : सुराई गांव में दो विशाल आम के पेड़ गिरे, दबकर ऑटो रिक्शा क्षतिग्रस्त।

देर रात तेज आवाज के साथ एक के बाद एक धराशायी हुए पेड़, ग्रामीणों में मची अफरा-तफरी; बाल-बाल बचे आसपास के लोग।
संवाददाता -अबुल कैश 
निजामाबाद/आजमगढ़। तहसील क्षेत्र के सुराई गांव में देर रात एक के बाद एक दो विशालकाय आम के पेड़ गिरने से अफरा-तफरी मच गई। पेड़ों के गिरने से ग्राम प्रधान विनोद कुमार के घर के पास खड़ा उनके भाई का ऑटो रिक्शा दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई व्यक्ति पेड़ की चपेट में नहीं आया और जनहानि होने से बच गई।
ग्रामीणों के अनुसार, पहला आम का पेड़ रात करीब 2 बजे तेज आवाज के साथ धराशायी हुआ। इसके बाद दूसरा पेड़ करीब 3:40 बजे गिर गया। लगातार दो विशाल पेड़ों के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। अचानक हुई इस घटना से गांव में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।
ग्राम प्रधान सुराई विनोद कुमार ने बताया कि पेड़ गिरने की आशंका को लेकर उन्होंने पहले ही पेड़ के मालिक सलाहुद्दीन और उनके परिवार को आगाह किया था। उनका कहना है कि यदि समय रहते पेड़ों को कटवा दिया जाता तो यह घटना टल सकती थी। उन्होंने बताया कि बाग में अभी दो और पेड़ गिरने की स्थिति में हैं, जिन्हें समय रहते नहीं हटाया गया तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
पेड़ गिरने से गांव में आवागमन भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गिरे हुए पेड़ों को जल्द से जल्द हटवाया जाए और खतरे की स्थिति में खड़े अन्य पेड़ों को भी हटाने की कार्रवाई की जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
गनीमत रही कि लगातार दो पेड़ों के गिरने के बावजूद किसी की जान नहीं गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र का निरीक्षण कराकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ